ऊधम सिंह नगर

जनता मिलन में 96 शिकायतें पहुंचीं, अधिकांश का मौके पर निस्तारण; दिव्यांग को मिली व्हीलचेयर, 14 आयुष्मान कार्ड भी बने

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। कुल 96 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
जनता मिलन में विद्यालयों की मरम्मत, सुरक्षा दीवार निर्माण, किसान पेंशन, सड़क, पेयजल, भूमि विवाद, राशन कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र, सोलर स्ट्रीट लाइट और पूर्ति विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री के त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के संकल्प के अनुरूप ग्राम बिरगुल निवासी दिव्यांग किशन सिंह को समाज कल्याण विभाग की ओर से तत्काल व्हीलचेयर और बैसाखी उपलब्ध कराई गई। वहीं जनता मिलन में पहुंचे 14 लाभार्थियों के मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया कार्यक्रम के दौरान ग्राम सिमल्टा की किरण देवी को बाघ के हमले के दौरान अपने पिता और ग्रामीणों की साहसपूर्वक रक्षा करने के लिए जिलाधिकारी ने सम्मानित किया।

जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए ग्राम भैरवां के अनिल सिंह तड़ागी की किसान पेंशन संबंधी शिकायत पर मुख्य कृषि अधिकारी को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। ग्राम ठाटा, लोहाघाट निवासी ललित मोहन शर्मा के दिव्यांग प्रमाण पत्र के मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
ग्राम चौड़ाराजपुरा निवासी शिवराम द्वारा अपने बच्चे के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को रेडक्रॉस के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा ग्राम पुनेठी में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क की सुरक्षा दीवार निर्माण, डूंगराबोरा निवासी राजेंद्र सिंह बोहरा के राशन कार्ड, क्षतिग्रस्त विद्यालयों की मरम्मत तथा ग्राम मुड़ियानी किस्कोट में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने सहित अन्य मांगों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम सिलिंगढाक निवासी विमला देवी की निवास प्रमाण पत्र संबंधी समस्या के समाधान के लिए तहसीलदार को प्राथमिकता के आधार पर प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जनता मिलन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।।

error: Content is protected !!
Call Now Button