बाजपुर में 34 लाख की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार; पूरा माल बरामद
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
बाजपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बाजपुर में सुनार की दुकान में हुई करीब 34 लाख रुपये की चोरी का शत-प्रतिशत खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 82.74 ग्राम सोने के आभूषण, 10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 39,500 रुपये नकद तथा चोरी में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने खुलासा करने वाली टीम को 5,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को बाजपुर निवासी ओमकार वर्मा ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि 8 जुलाई की रात अज्ञात चोर उनकी ओम ज्वैलर्स दुकान का शटर व ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, सीसीटीवी का एनवीआर और टीवी चोरी कर ले गए। मामले में कोतवाली बाजपुर में एफआईआर संख्या 230/2026 दर्ज की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मैनुअल सर्विलांस और सुरागरसी के आधार पर जांच करते हुए 19/20 जुलाई की रात किशनपुर-मौलागढ़ बॉर्डर से तीनों आरोपियों को चोरी में प्रयुक्त ऑटो संख्या UK18TA-2192 सहित गिरफ्तार कर लिया पूछताछ में आरोपियों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरों के तार काटकर शटर का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजम पुत्र शकील अहमद, इस्लाम पुत्र सफी अहमद तथा करमरूद्दीन पुत्र सफी अहमद, निवासी नरपत नगर, थाना स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। इनमें से आरोपी आजम के खिलाफ पहले भी चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और संगठित अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी विश्लेषण और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा तथा आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।।

