75 लाख की सीएसआर निधि से बने राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन का डीएम ने किया लोकार्पण
75 लाख की सीएसआर निधि से बने राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन का डीएम ने किया लोकार्पण
ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड ने कराया आधुनिक विद्यालय भवन का निर्माण, दो अतिरिक्त शिक्षकों की भी होगी व्यवस्था
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के दुर्गापुर नंबर-2 स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का 75 लाख रुपये की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) निधि से निर्मित नवनिर्मित भवन का लोकार्पण जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक, सुरक्षित, हवादार एवं पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी वाले विद्यालय भवनों का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने भवन के आकर्षक एवं मॉडल डिजाइन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे डिजाइनों को अपनाने की बात कही जिलाधिकारी ने विद्यालय के बेहतर रखरखाव एवं भविष्य में आवश्यक मरम्मत और अन्य सुविधाओं के प्रभावी प्रबंधन के लिए ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड के दो प्रतिनिधियों को विद्यालय प्रबंधन समिति में नामित किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही कंपनी के निदेशक से खटीमा विकासखंड के एक अन्य राजकीय विद्यालय को भी सीएसआर के माध्यम से पुनर्निर्माण के लिए गोद लेने का अनुरोध किया।
ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड के निदेशक नागराज गार्वेश्वरी ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से 75 लाख रुपये की लागत से विद्यालय का आधुनिक स्वरूप में पुनर्निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए कंपनी द्वारा दो अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था भी की गई है, जिनका मानदेय कंपनी वहन करेगी। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में जिला प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई नवनिर्मित दो मंजिला विद्यालय भवन में पांच आधुनिक कक्षाएं, एक पुस्तकालय, एक कंप्यूटर कक्ष, स्टोर रूम तथा स्टाफ रूम का निर्माण किया गया है। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी शावेज़ आलम, प्रधानाध्यापक अजीत कुमार, ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड के सीनियर मैनेजर संतोष कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य दुलाल सरकार, अजीत हलदार, सुषमणी देवी, निशा देवी, शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।।

