‘कुंभकरण की नींद’ में खाद्य वि’भाग? जिम के नीचे एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बेचने का आरोप, सैकड़ों युवाओं की सेहत पर मंडराया खतरा
‘कुंभकरण की नींद’ में खाद्य विभाग? जिम के नीचे एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बेचने का आरोप, सैकड़ों युवाओं की सेहत पर मंडराया खतरा
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। शहर में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। नैनीताल रोड स्थित संगम मैरिज पैलेस के पास, अरेरा जिम के नीचे संचालित एक दुकान पर एक्सपायरी डेट निकल चुकी Mountain Dew (2 लीटर + 250 मिली फ्री) कोल्ड ड्रिंक बिक्री के लिए रखे जाने की शिकायत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
मामले को और गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि संबंधित दुकान के ठीक ऊपर एक जिम संचालित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों युवक-युवतियां स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए पहुंचते हैं। जिम आने वाले लोग अक्सर वहीं से कोल्ड ड्रिंक, एनर्जी ड्रिंक, प्रोटीन सप्लीमेंट्स और अन्य फिटनेस उत्पाद खरीदते हैं। ऐसे में यदि एक्सपायरी या मानकविहीन खाद्य उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं, तो यह केवल नियमों के उल्लंघन का नहीं बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय बन जाता है।
शिकायत के अनुसार दुकान पर रखी गई माउंटेन ड्यू की बोतल पर बैच नंबर BNAP8007B34D26, निर्माण तिथि 24 अप्रैल 2025 तथा उपयोग की अंतिम तिथि (Use By) 24 अक्टूबर 2025 अंकित थी। आरोप है कि एक्सपायरी अवधि समाप्त होने के बाद भी उत्पाद ग्राहकों को बेचने के लिए रखा गया था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की ओर दुकान संचालक का ध्यान दिलाया गया, तो गलती स्वीकार करने या उत्पाद हटाने के बजाय कथित रूप से बहस की गई इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी है और सवाल उठ रहे हैं कि यदि एक एक्सपायरी उत्पाद खुलेआम बिक्री के लिए रखा जा सकता है, तो क्या दुकान में रखे अन्य खाद्य एवं फिटनेस उत्पादों की भी नियमित जांच होती है?
इसी आधार पर स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ता ने मांग की है कि खाद्य सुरक्षा विभाग केवल इस एक बोतल तक सीमित न रहे, बल्कि दुकान में उपलब्ध सभी प्रोटीन सप्लीमेंट्स, हेल्थ ड्रिंक, एनर्जी ड्रिंक, पैक्ड फूड और अन्य खाद्य उत्पादों की निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि और गुणवत्ता की विस्तृत जांच कराए उनका कहना है कि यदि जांच में अन्य उत्पाद भी मानकों के विपरीत पाए जाते हैं, तो यह कई लोगों के स्वास्थ्य के साथ बड़ा खिलवाड़ साबित हो सकता है।
लोगों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा विभाग का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि समय रहते कार्रवाई कर उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। यदि शिकायतों पर त्वरित जांच नहीं होती, तो एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना मुश्किल हो जाएगा अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग इस मामले में तत्काल निरीक्षण कर सख्त कार्रवाई करेगा, या फिर शिकायतें फाइलों तक ही सीमित रह जाएंगी?

