उद्योगों के सहयोग से विकसित भारत का लक्ष्य होगा साकार : श्रीकर सिन्हा
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। सिडकुल एंटरप्रेन्योर वेलफेयर सोसायटी (सीस) की वार्षिक आम सभा (अगमा-2026) का आयोजन रुद्रपुर के एक होटल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की थीम “एंपावरिंग इंडस्ट्रीज फॉर्म विक्सित्व भारत 2047” रही, जिसमें उत्तराखंड के औद्योगिक विकास, निवेश, रोजगार और उद्योगों के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक में सिडकुल पंतनगर समेत आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों की विभिन्न कंपनियों के प्लांट हेड, एचआर प्रमुख, उद्योग प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि राज्य में उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने, प्रशासन और उद्योगों के बीच समन्वय मजबूत करने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए सभी हितधारकों को मिलकर कार्य करना होगा।
सीस के अध्यक्ष श्रीकर सिन्हा ने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब उद्योग, प्रशासन और समाज साझा जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने उद्योगों से नवाचार, कौशल विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व को प्राथमिकता देने की अपील की।
संगठन के संस्थापक अजय तिवारी और संजय सिंघल ने सीस की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन लगातार उद्योगों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने सदस्य उद्योगों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष रगोड़े, पूर्व अध्यक्ष आशुतोष, महासचिव गजेन्द्र सिंह, संयुक्त सचिव ललिता जोशी, कोषाध्यक्ष विनीत शर्मा, आईआर प्रतिनिधि उत्तम सिंह, मीडिया कोऑर्डिनेटर तेज राम बघेल सहित कार्यकारिणी और कोर टीम के अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार रखे।
महिला सशक्तिकरण पर आयोजित विशेष सत्र में कुलविंदर कौर, मुक्ता टंडन और महिला टीम के योगदान की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान औद्योगिक सुरक्षा, श्रमिक कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, निवेश प्रोत्साहन, कौशल विकास तथा भविष्य की औद्योगिक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में सभी सदस्य उद्योगों ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।।

