रुद्रपुर में फायरिंग मामले का पर्दाफाश, पुलिस ने तीन बदमाश दबोचे, एक किशोर भी हिरासत में
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प थाना पुलिस ने फायरिंग और तोड़फोड़ की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे, कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, शास्त्री नगर गड्ढा कॉलोनी निवासी कृष सिंह ने ट्रांजिट कैम्प थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि पड़ोसी सोनू राठौर उर्फ जूड़ी लगातार उसे फोन पर जान से मारने की धमकियां दे रहा था। आरोप है कि 16 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे सोनू अपने कई साथियों के साथ मोटरसाइकिलों पर सवार होकर उसके घर पहुंचा और फायरिंग करते हुए घर में तोड़फोड़ की। जान बचाने के लिए पीड़ित घर के अंदर छिप गया। घटना के बाद मकान की दीवारों पर गोलियों के निशान भी मिले।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर और प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार दबिश दी 18 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर मोदी मैदान क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने सोनू राठौर उर्फ जूड़ी, यश सिंह और सोहेल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक किशोर को संरक्षण में लिया गया।
तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी सोनू राठौर उर्फ जूड़ी के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और छह खोखा कारतूस बरामद हुए। वहीं किशोर के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और दो जीवित कारतूस मिले। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि अवैध हथियार रखने के मामले में मुख्य आरोपी सोनू राठौर उर्फ जूड़ी के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, उपनिरीक्षक प्रकाश चंद, विवेचक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक जितेंद्र खत्री, अपर उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश बबाढ़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल हिमांशु कुमार शामिल रहे।।

