रुद्रपुर में 8 से 10 जुलाई तक लगेगी इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन, 150 से अधिक कंपनियां करेंगी नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन
रुद्रपुर में 8 से 10 जुलाई तक लगेगी इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन, 150 से अधिक कंपनियां करेंगी नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। उत्तराखंड के प्रमुख औद्योगिक आयोजनों में शामिल रुद्रपुर इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन 2026 का 35वां संस्करण 8 से 10 जुलाई तक आर्क होटल, रुद्रपुर में आयोजित होगा। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और देशभर से कंपनियों व उद्योग प्रतिनिधियों का रुद्रपुर पहुंचना शुरू हो गया है।
तीन दिवसीय प्रदर्शनी में 150 से अधिक औद्योगिक स्टॉल लगाए जाएंगे। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित कई राज्यों की अग्रणी कंपनियां आधुनिक मशीनरी, उपकरण और नई औद्योगिक तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी।
आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी में 1,200 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों तथा 5,000 से अधिक व्यापारिक एवं औद्योगिक आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है। प्रदर्शनी उद्योगपतियों, इंजीनियरों, उद्यमियों और तकनीकी विशेषज्ञों के लिए नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराएगी।
प्रदर्शनी में मशीन टूल्स, सीएनसी मशीनें, वेल्डिंग एवं कटिंग उपकरण, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, न्यूमेटिक एवं हाइड्रोलिक सिस्टम, प्रदूषण नियंत्रण उपकरण, इलेक्ट्रिकल एवं सोलर उत्पाद, इंडस्ट्रियल लाइटिंग, मटेरियल हैंडलिंग उपकरण, जनरेटर, कंप्रेसर और पावर टूल्स सहित अत्याधुनिक औद्योगिक तकनीकों का प्रदर्शन होगा। साथ ही इंडस्ट्री 4.0, ऑटोमेशन, लागत नियंत्रण और आधुनिक खरीद प्रणाली जैसे विषयों पर तकनीकी एवं बिजनेस सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा होंगे। प्रदर्शनी का आयोजन द्रोणाचार्य इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। आयोजन को कुमाऊँ गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (KGCCI), सिडकुल एंटरप्रेन्योर वेल्फेयर सोसायटी (SEWS), उत्तराखंड राइस मिलर्स एसोसिएशन तथा इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (IIA) का सहयोग प्राप्त है।।

