चम्पावत: आईजी कुमाऊँ ने भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा का लिया जायजा, पुलिस अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
आईजी कुमाऊँ ने भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा का लिया जायजा, पुलिस अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रूद्रपुर। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती (आईपीएस) ने रविवार को चम्पावत जनपद का भ्रमण कर भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बनबसा सीमा क्षेत्र में तैनात पुलिस बल की कार्यप्रणाली, सुरक्षा प्रबंधों और सतर्कता का जायजा लिया निरीक्षण के दौरान आईजी ने सीमा पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने जनपद प्रभारी एवं सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान, यातायात प्रबंधन तथा लंबित विवेचनाओं सहित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई आईजी निवेदिता कुकरेती ने अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील, जवाबदेह एवं परिणामोन्मुख कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए उन्होंने अपराधों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनावरण, महिला एवं बाल सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने, साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा नशे के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जनता के साथ बेहतर संवाद, त्वरित शिकायत निस्तारण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करें, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।।

