मुख्यमंत्री धामी ने चंपावत से ‘ईट राइट स्कूल’ अभियान का किया शुभारंभ, 645 सरकारी विद्यालय होंगे शामिल
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जनपद चंपावत के टनकपुर बूम घाट में आयोजित कार्यक्रम में ‘ईट राइट स्कूल’ अभियान का शुभारंभ किया। खाद्य संरक्षा एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किया गया यह अभियान भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के राष्ट्रव्यापी ‘ईट राइट इंडिया’ अभियान का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों में सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन की आदत विकसित कर स्वस्थ समाज की मजबूत नींव रखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि बच्चे सकारात्मक परिवर्तन के सबसे प्रभावी वाहक होते हैं और उनके माध्यम से स्वस्थ खान-पान का संदेश घर-घर तक पहुंचेगा।
अभियान के तहत चंपावत जिले के सभी 645 राजकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को खाद्य सुरक्षा, पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, मिलावट की पहचान और संतुलित आहार के बारे में जागरूक किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों का FSSAI के ऑनलाइन पोर्टल पर मूल्यांकन कर उन्हें ‘ईट राइट स्कूल’ के रूप में प्रमाणित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ‘सही भोजन, बेहतर जीवन’, कम तेल, चीनी और नमक के सेवन, स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों के उपयोग, नियमित व्यायाम तथा संतुलित भोजन के महत्व से परिचित कराया जाएगा। साथ ही खाद्य पदार्थ खरीदते समय लेबल और एक्सपायरी डेट जांचने की जानकारी भी दी जाएगी।
अभियान को रोचक बनाने के लिए FSSAI की येलो बुक, एक्टिविटी बुक, डार्ट बुक, पिंक बुक, मैजिक बॉक्स तथा शैक्षणिक वीडियो का उपयोग किया जाएगा। स्कूलों में पोस्टर प्रतियोगिता, वाद-विवाद, प्रभात फेरी, कार्यशालाएं और स्कूल असेंबली जैसी गतिविधियों का भी आयोजन होगा।
विद्यार्थियों को टिफिन और मिड-डे मील में फल, मखाना, नट्स, मुरमुरा तथा मोटे अनाज शामिल करने और कोल्ड ड्रिंक्स के स्थान पर पानी, नारियल पानी, लस्सी एवं नींबू पानी जैसे स्वास्थ्यवर्धक पेय अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, हाथ धोने की व्यवस्था, डस्टबिन, शौचालय और स्वास्थ्य संबंधी मानकों के पालन पर भी विशेष जोर रहेगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त राजेंद्र सिंह कठायत ने बताया कि अभियान के तहत चिन्हित विद्यालयों के लिए 10 जुलाई को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, चंपावत में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, सहायक आयुक्त संजय कुमार सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी सहित शिक्षा एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।।

