चम्पावत में 4 जुलाई से शुरू होगा 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ, 24 से अधिक विभाग लगाएंगे जनसेवा शिविर
चम्पावत में 4 जुलाई से शुरू होगा 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ, 24 से अधिक विभाग लगाएंगे जनसेवा शिवि
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। उत्तराखण्ड शासन के निर्देशानुसार जनपद चम्पावत में 4 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ 4 जुलाई को मुख्यमंत्री द्वारा देहरादून से लाइव प्रसारण के माध्यम से किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण चम्पावत कलेक्ट्रेट सभागार में दिखाया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार अभियान के सफल संचालन के लिए विभिन्न क्षेत्रों में जनकल्याणकारी शिविरों एवं कार्यक्रमों का रोस्टर जारी कर नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती को जनपद का मुख्य नोडल अधिकारी बनाया गया है।
अभियान के पहले दिन कलेक्ट्रेट सभागार में रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से संबंधित विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके बाद 5 जुलाई को ग्राम पंचायत आमबाग-ज्ञानखेड़ा (टनकपुर) में नवीन योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।
7 जुलाई को ग्राम पंचायत भुमलाई एवं राजकीय जूनियर हाईस्कूल खूनाबोरा (लोहाघाट) में रेल, सड़क, रोपवे और उड़ान योजना जैसी आधारभूत संरचना के विकास पर केंद्रित शिविर लगाए जाएंगे। 8 जुलाई को विकासखंड पाटी के ग्राम पंचायत गोलडांडा में उद्योग एवं लघु उद्योग, 9 जुलाई को विकासखंड बाराकोट के सील ग्राम पंचायत में किसान, सहकारिता एवं कृषि तथा 10 जुलाई को विकासखंड चम्पावत के ग्राम पंचायत दियूरी में महिला, युवा एवं सैनिक कल्याण के साथ विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।
14 से 18 जुलाई के बीच भी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जनसेवा शिविर लगाए जाएंगे। 14 जुलाई को राजकीय प्राथमिक विद्यालय कमलेक एवं बतुलाबांज (पाटी), 15 जुलाई को राजकीय इंटर कॉलेज मऊ (बाराकोट), 17 जुलाई को पंचायतघर झालाकुड़ी (चम्पावत) तथा राजकीय जूनियर हाईस्कूल ठाठा (लोहाघाट) में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस अभियान में राजस्व, ग्राम्य विकास, कृषि, समाज कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई सहित 24 से अधिक विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएंगे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों के दौरान प्राप्त जनसमस्याओं का मौके पर ही त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिविरों के बाद आसपास के क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए।।

