हिंदू सम्राट बने मेयर, बकरीद को लेकर प्रशासन सतर्क ड्रोन से होगी निगरानी
हिंदू सम्राट बने मेयर, बकरीद को लेकर प्रशासन सतर्क
ड्रोन से होगी निगरानी
केवल चार निर्धारित स्थलों पर होगी सांकेतिक कुर्बानी
नगर निगम सभागार में हुई महत्वपूर्ण बैठक
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। नगर निगम सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस प्रशासन, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कानून व्यवस्था, स्वच्छता और न्यायालय के निर्देशों के पालन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की। बैठक में कई अहम फैसले लिए गए, जिनमें ड्रोन कैमरों से निगरानी और केवल चार निर्धारित स्थलों पर सांकेतिक कुर्बानी की अनुमति प्रमुख रही।
महापौर विकास शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान समर्थकों और मौजूद लोगों ने उन्हें “हिंदू सम्राट” बताते हुए सनातन संस्कृति और धार्मिक मर्यादाओं की रक्षा को लेकर उनकी कार्यशैली की सराहना की। बैठक में तय किया गया कि शहर में केवल खेड़ा, आदर्श कॉलोनी, सीरगोटिया और सुभाष कॉलोनी में ही सांकेतिक कुर्बानी की अनुमति होगी। प्रत्येक स्थल पर केवल एक कुर्बानी कराई जाएगी और किसी भी प्रकार के नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस बार सभी चिन्हित स्थलों की ड्रोन कैमरों से निगरानी कराई जाएगी। इसके अलावा पुलिस बल, नगर निगम कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष तैनाती रहेगी। कुर्बानी प्रक्रिया की निगरानी के लिए समिति भी गठित की गई है, जो पूरे समय व्यवस्था पर नजर रखेगी।
बैठक में स्वच्छता और सामाजिक संवेदनशीलता को लेकर भी चर्चा हुई अधिकारियों ने कहा कि घरों के आसपास गंदगी फैलाने, नालियों में खून बहाने या सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी नगर निगम की टीमें लगातार निगरानी और सफाई व्यवस्था संभालेंगी ताकि शहर में स्वच्छता बनी रहे महापौर विकास शर्मा ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें उन्होंने कहा कि पर्व को न्यायालय के दिशा-निर्देशों और प्रशासनिक नियमों के अनुरूप ही मनाया जाएगा।
महापौर ने कहा, “देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक मर्यादा को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उत्तराखंड सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि है। यहां की धार्मिक भावनाओं, सामाजिक सौहार्द और स्वच्छता व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा। किसी भी प्रकार का प्रदर्शन, सार्वजनिक अव्यवस्था या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी सख्ती के साथ निगरानी करेगा और तय मानकों के अनुसार ही कुर्बानी की अनुमति दी जाएगी। साथ ही लोगों से आपसी भाईचारे और संवेदनशीलता के साथ पर्व मनाने की अपील की गई ताकि शहर का माहौल शांतिपूर्ण बना रहे।
बैठक में एडीएम, पुलिस अधिकारी, विद्युत विभाग, जल संस्थान और नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे ताकि बकरीद के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और स्वच्छता बनी रहे।।

