ऊधम सिंह नगर

भीषण गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में 24 घंटे संचालित होंगे ‘हीट स्ट्रोक वार्ड’

भीषण गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में 24 घंटे संचालित होंगे ‘हीट स्ट्रोक वार्ड’सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल ने वर्चुअल माध्यम से जनपद की सभी चिकित्सा इकाइयों—जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों—के प्रभारियों को हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।

सीएमओ ने निर्देश दिए हैं कि सभी अस्पतालों में स्थापित विशेष ‘हीट स्ट्रोक वार्ड’ 24 घंटे संचालित किए जाएं। इन वार्डों में एसी, कूलर एवं पंखों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि लू से प्रभावित मरीजों को तत्काल राहत मिल सके उन्होंने अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाइयों और आवश्यक IV फ्लूइड्स की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। रिंगर लैक्टेट, ओआरएस घोल सहित अन्य जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक हर समय उपलब्ध रखने को कहा गया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में हीट स्ट्रोक के बढ़ते खतरे को देखते हुए सभी ब्लॉक प्रभारियों को आशा कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से आशा कार्यकर्ताओं को हीट स्ट्रोक के शुरुआती लक्षण पहचानने और प्राथमिक उपचार देने के लिए सक्षम बनाया जाएगा।
इसके अलावा अस्पतालों में मरीजों के तीमारदारों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। सभी अस्पतालों के वेटिंग एरिया में एसी/कूलर चालू रखने तथा शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, हल्के एवं सूती कपड़े पहनें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल से संपर्क करें बैठक के दौरान राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं गैर संचारी रोग कार्यक्रम की भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।।

error: Content is protected !!
Call Now Button