Monday, October 5, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

राष्ट्रीय खेल में चयनित खिलाड़ी को सीडीओ ने किया सम्मानित खटीमा क्षेत्र में शिक्षण संस्थानों, राशन की दुकान व पंचायत भवन का किया निरीक्षण

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

खटीमा। मुख्य विकास अधिकारी श्री दिवेश शाशनी ने सोमवार को खटीमा क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक सेवाओं से जुड़े केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय खेल के लिए चयनित खिलाड़ी को मैडल पहनाकर सम्मानित किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सीडीओ ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ी से उसकी तैयारियों की जानकारी लेते हुए निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।इसके बाद सीडीओ ने राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, खटीमा का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, भोजन एवं परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों की शिक्षा के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
ग्राम कुटरी में उन्होंने अनुसूचित जनजाति सहकारी संघ द्वारा संचालित सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्यान्न के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और अभिलेखों की जांच की। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुसार समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने ग्राम पंचायत भवन कुटरी का भी निरीक्षण किया और पंचायत स्तर पर संचालित व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों की जानकारी ली। उन्होंने पंचायत भवन एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।
इसके उपरांत उन्होंने चकरपुर स्थित गोविंद वल्लभ पंत राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं, छात्र-छात्राओं को उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता और परिसर का जायजा लिया। शिक्षकों से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया।
सीडीओ ने कहा कि शिक्षा, खेल, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और ग्रामीण विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

error: Content is protected !!
Call Now Button