श्रमिकों का कंपनी गेट पर सत्याग्रह जारी, श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। अपेक्स बिल्डस लिमिटेड, सेक्टर-9, प्लॉट नंबर-11, सिडकुल पंतनगर में रोजगार की मांग को लेकर ऐरा श्रमिक संगठन से जुड़े श्रमिक पिछले कई दिनों से कंपनी गेट पर सत्याग्रह कर रहे हैं। सोमवार, 5 अक्टूबर को भी श्रमिक अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों के साथ कंपनी गेट पर डटे रहे।
श्रमिक संयुक्त मोर्चे ने रुद्रपुर श्रम विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर रोष जताते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित मामलों और कथित अनियमितताओं के चलते श्रमिकों का विभाग की कार्यप्रणाली से विश्वास लगातार कम होता जा रहा है।
मोर्चे के अनुसार, ऐरा श्रमिक संगठन के मजदूर 16 सितंबर से कंपनी गेट पर मजदूर सत्याग्रह कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं हुई है। श्रमिकों का आरोप है कि 28 सितंबर को रुद्रपुर श्रम विभाग के एएलसी द्वारा प्रशासन को रिपोर्ट दिए जाने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई है।
श्रमिकों का कहना है कि वे लगातार एएलसी से मिलने के लिए श्रम विभाग के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें कथित रूप से “आज-कल” कहकर टाल दिया जा रहा है। इससे श्रमिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
श्रमिक संयुक्त मोर्चे ने मांग की है कि श्रम विभाग की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए, लंबे समय से लंबित मामलों पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा ऐरा श्रमिक संगठन के संघर्षरत मजदूरों की समस्या का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उन्हें न्याय दिलाया जाए।
मोर्चे ने कहा कि मजदूरों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने श्रमिकों के संघर्ष को नजरअंदाज किए जाने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखने की बात कही।
सोमवार को सत्याग्रह में दीपांशु, रानी, अनीता देवी, कांति, विद्यावती, रेनू, सुमन, संगीता सिंह, दीवान सिंह, सुनील कुमार, भरत जोशी, लीलाधर सहित सैकड़ों श्रमिक एवं उनके परिवारजन मौजूद रहे।।

