टनकपुर-बनबसा क्षेत्र के विकास को लेकर नगर पालिका में बैठक, मुख्यमंत्री के फैसलों पर जताया आभार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
टनकपुर। नगर पालिका परिषद टनकपुर के कार्यालय में रविवार को पालिका बोर्ड, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारियों एवं नागरिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार ने की। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में चंपावत जनपद में आयोजित कैबिनेट बैठक में लिए गए जनहितकारी फैसलों के लिए मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा भूमि की विभिन्न श्रेणियों एवं तराई-भाबर क्षेत्र की भूमि के पट्टों के नियमितीकरण की कार्रवाई शीघ्र कराए जाने, नगर निकाय टनकपुर-बनबसा के सभी वार्डों में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत कच्चे मकानों एवं झुग्गी-झोपड़ियों में निवासरत पात्र परिवारों को स्थायी एवं पक्के आवास उपलब्ध कराने का निर्णय महत्वपूर्ण है।
इसके अलावा शारदा कॉरिडोर एवं कैनाल कॉरिडोर योजना के अंतर्गत टनकपुर-बनबसा क्षेत्र के प्राचीन एवं पौराणिक मंदिरों के सौंदर्यीकरण एवं विस्तारीकरण, एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय अभियान्त्रिकी महाविद्यालय टनकपुर के विस्तार के लिए 2.01 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराने तथा महाविद्यालय में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास के निर्णय का भी स्वागत किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के समग्र एवं सुनियोजित विकास तथा देवभूमि उत्तराखंड की मातृशक्ति, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं सभी वर्गों के हित में मुख्यमंत्री द्वारा लिए जा रहे जनकल्याणकारी निर्णय सराहनीय हैं। बैठक में इन फैसलों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। इस अवसर पर मिठाई वितरण भी किया गया।
बैठक में नगर पालिका परिषद टनकपुर के सदस्य दिनेश कुमार, हसीब अहमद, दिलदार अली, वकील अहमद, वर्षा शर्मा, कु. सत्या बाल्मीकि, चचित शर्मा, आशा भट्ट, बबीता वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, सविता बिष्ट, नामित सदस्य निगम गुप्ता, रीता कलखुड़िया, धर्मपाल आर्य, मुकेश शाह, नवयुवक रामलीला कमेटी अध्यक्ष विशाल अग्रवाल, दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी एवं किरण देवी, महिला स्वयं सहायता समूह, भाजपा महिला मोर्चा की कंचन बोहरा, ग्राम प्रधान नायकगोठ सहित अन्य पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष कुंवर तुलसी कंवर, सामाजिक कार्यकर्ता हरीश भट्ट एवं नगर क्षेत्र टनकपुर की मातृशक्ति उपस्थित रही।।

