“ग्रीन और फिट पुलिस” अभियान को मिली रफ्तार, ऊधमसिंहनगर पुलिस को मिलीं 50 हाईटेक साइकिलें
“ग्रीन और फिट पुलिस” अभियान को मिली रफ्तार, ऊधमसिंहनगर पुलिस को मिलीं 50 हाईटेक साइकिलें
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
ऊधम सिंह नगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति की दूरदर्शी सोच और नवाचार आधारित कार्यशैली के तहत जनपद पुलिस में “फिट पुलिस, ग्रीन पुलिस और अनुशासित पुलिस” अभियान को नई गति मिली है। ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और पुलिस कर्मियों की फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से काया बाइक्स के सहयोग से ऊधमसिंहनगर पुलिस को 50 हाईटेक साइकिलें उपलब्ध कराई गई हैं। इन साइकिलों का उपयोग पुलिस लाइन एवं पुलिस कार्यालय परिसर में दैनिक शासकीय कार्यों के संचालन हेतु किया जाएगा। इस पहल से वाहनों पर निर्भरता कम होगी, जिससे ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस लाइन और पुलिस कार्यालय परिसर में साइकिलों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखरखाव के लिए विशेष आधुनिक साइकिल स्टैंड भी स्थापित किए गए हैं। इससे पुलिस कर्मियों को साइकिलों के उपयोग में सुविधा मिलने के साथ उनके रखरखाव को भी बेहतर बनाया जा सकेगा एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि यह पहल केवल ईंधन बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस कर्मियों को फिट, सक्रिय और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का भी प्रयास है। नियमित साइकिल उपयोग से पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य में सुधार होगा तथा उनकी कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी। इस पहल का लाभ महिला एवं पुरुष सभी पुलिस कर्मियों को समान रूप से मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर चलाए जा रहे अभियानों को धरातल पर उतारने की दिशा में ऊधमसिंहनगर पुलिस की यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। काया बाइक्स द्वारा उपलब्ध कराई गई इन आधुनिक साइकिलों के माध्यम से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी। जनपद पुलिस में लागू की जा रही यह पहल भविष्य में अन्य इकाइयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकती है।।

