Tuesday, October 6, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

नए श्रम कानूनों को लेकर उद्योग प्रतिनिधियों से हुआ संवाद

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ मंगलवार को होटल रेडिसन ब्लू में ‘श्रम संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव डॉ. चंद्र भूषण कुमार की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में नए श्रम कानूनों के प्रावधानों और उनके क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम में पुराने श्रम कानूनों के स्थान पर बनाए गए चार नए श्रम कानूनों को लागू करने में आने वाली संभावित चुनौतियों और व्यावहारिक समस्याओं पर उद्योग प्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए। अधिकारियों ने कहा कि नए प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए उद्योगों और विभाग के बीच लगातार संवाद जरूरी है।

बैठक में भविष्य निधि, कर्मचारी राज्य बीमा, सामाजिक सुरक्षा, प्रतिष्ठानों के पंजीकरण और श्रम कानूनों के अनुपालन समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। उद्योग प्रतिनिधियों ने कानूनों के अनुपालन के दौरान सामने आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों और अपनी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। संबंधित अधिकारियों ने विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी देते हुए समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

अधिकारियों ने उद्योग प्रतिनिधियों से श्रमिकों को नियमानुसार मिलने वाली सुविधाएं उपलब्ध कराने और श्रम कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही श्रम विभाग, EPFO और ESIC के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में केजीसीसीआई के अशोक बंसल और रमेश मिड्डा तथा एसएडब्ल्यूएस की ओर से उत्तम सिंह जंतवाल और गजेंद्र सिंह ने सहभागिता की। कार्यक्रम के बाद श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव डॉ. चंद्र भूषण कुमार ने ईएसआईसी अस्पताल का भ्रमण भी किया।

इस दौरान उत्तराखंड के सचिव श्रम घन बाबू अन्दांकी, श्रम आयुक्त प्रकाश चंद्र दुम्का, अपर श्रम आयुक्त अनिल कुमार पेटवाल, उप श्रम आयुक्त के.के. गुप्ता, सहायक श्रम आयुक्त अरविंद सैनी समेत श्रम विभाग, EPFO और ESIC के अधिकारी मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button