ऊधम सिंह नगर

3 माह में ऊधम सिंह नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 विशेष अभियानों में 737 अपराधी गिरफ्तार

3 माह में ऊधम सिंह नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 विशेष अभियानों में 737 अपराधी गिरफ्तारसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

अजय गणपति के नेतृत्व में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने पिछले तीन माह के भीतर अपराध और समाज विरोधी गतिविधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा अवैध नशे, अवैध हथियारों, कच्ची शराब, ओवरलोडिंग और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार की गई कार्रवाई से अपराधियों में डर और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। जनपद में चलाए गए पांच विशेष अभियानों के दौरान सैकड़ों अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद किया गया। अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए गए अभियान में 96 मुकदमे दर्ज किए गए और 103 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 87 तमंचे, 3 बंदूकें, 2 पंप एक्शन गन, 3 पिस्टल, एक रिवॉल्वर और 159 कारतूस बरामद किए। इसके अलावा 19 रामपुरी चाकू और तलवारें भी जब्त की गईं।

नशा तस्करी के खिलाफ अभियान में 55 मुकदमे दर्ज कर 68 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 581.4 किलो गांजा, 1.058 किलो चरस, 714.96 ग्राम स्मैक, 56 नशीले इंजेक्शन और 227 नशीली गोलियां बरामद कीं। पुलिस ने नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी कार्रवाई शुरू करते हुए कुख्यात तस्करों की करोड़ों रुपये की संपत्तियां चिन्हित की हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत हत्या, अवैध नशा तस्करी, हथियार कारोबार और भूमि कब्जे जैसे मामलों में शामिल अपराधियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। वहीं अवैध कच्ची शराब के खिलाफ एक सप्ताह तक चले अभियान में 133 मुकदमे दर्ज कर 127 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 3156 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई, 63 अवैध भट्टियां नष्ट की गईं और 1.52 लाख लीटर लहन नष्ट किया गया।

सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में 197 ओवरलोड वाहनों के चालान किए गए, जबकि 53 ओवरस्पीडिंग मामलों में कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 147 वाहन सीज किए गए। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत 1337 अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 737 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 8687 लोगों का सत्यापन किया और 2696 यातायात चालान भी किए इसके अलावा बार, होटल, क्लब, पब और ढाबों की बड़े स्तर पर चेकिंग की गई। अतिक्रमण हटाने, धर्मांतरण मामलों की जांच और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों पर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। सितारगंज क्षेत्र में प्रतिबंधित आतंकी संगठन “अल बदर” से जुड़े मामलों में जांच एजेंसियों के साथ संयुक्त कार्रवाई जारी है।

एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस बल में फिटनेस, अनुशासन और बेहतर कार्यप्रणाली को प्राथमिकता देते हुए नियमित परेड और फिजिकल एक्टिविटी को बढ़ावा दिया है। जनसुनवाई व्यवस्था में सुधार और शिकायतों के त्वरित निस्तारण से आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराधियों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।।

error: Content is protected !!
Call Now Button