एसएसपी अजय गणपति ने की मासिक अपराध समीक्षा, कानून व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश
एसएसपी अजय गणपति ने की मासिक अपराध समीक्षा, कानून व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति द्वारा पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण तथा अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विभागीय, व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने सभी विवेचकों को लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने, महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही साइबर ठगी से बचाव को लेकर स्कूल, कॉलेज एवं आमजन के बीच अधिक से अधिक जागरूकता गोष्ठियां आयोजित करने पर जोर दिया गया एसएसपी ने हिस्ट्रीशीटरों की लगातार निगरानी रखने, सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने और अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने पुलिस मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा। वर्तमान में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” और “ऑपरेशन लगाम” के तहत थाना प्रभारियों को अवैध नशे के कारोबारियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज तलाश कर उनके खिलाफ गैंगस्टर, गुंडा एक्ट और पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए बैठक के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 18 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।।

