ऊधम सिंह नगर

कनलगांव में डीएम मनीष कुमार ने की गेहूं फसल की क्रॉप कटिंग

कनलगांव में डीएम मनीष कुमार ने की गेहूं फसल की क्रॉप कटिंग

महिला कृषकों संग खेत में उतरकर परखी उपज क्षमता, कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के दिए निर्देशसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

चंपावत। जनपद में कृषि उत्पादन के सटीक आंकड़ों के संकलन एवं फसल उत्पादकता के आकलन को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार गुरुवार को तहसील चंपावत अंतर्गत ग्राम कनलगांव पहुंचे, जहां उन्होंने कृषक सुभाष ताडागी के खेत में गेहूं फसल की क्रॉप कटिंग कराई।

इस दौरान जिलाधिकारी स्वयं खेत में उतरे और महिला कृषकों के साथ गेहूं की फसल काटकर उपज क्षमता का निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खेत में कार्य कर रही महिला कृषकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि महिला कृषकों को कृषि कार्यों में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पावर टीलर सहित आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएं, जिससे खेती को अधिक सरल और उत्पादक बनाया जा सके।

कृषि एवं सांख्यिकी विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत खेत में 30 वर्ग मीटर के दो प्लॉट चयनित कर क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। पहले प्लॉट से 13 किलो 900 ग्राम तथा दूसरे प्लॉट से 12 किलो 400 ग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई। वहीं प्रथम प्लॉट से 5 किलो गेहूं की बालियों के नमूने सुरक्षित रखे गए हैं, जिन्हें वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत 15 दिन तक सुखाने के बाद पुनः तौला जाएगा, ताकि वास्तविक उपज का सटीक आंकलन किया जा सके जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में विभिन्न फसलों की औसत उपज, उत्पादन एवं उत्पादकता का निर्धारण क्रॉप कटिंग प्रयोगों के माध्यम से किया जाता है।

उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना समेत कृषि आधारित विभिन्न योजनाओं के लिए विश्वसनीय डाटा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार कृषि योजनाओं का निर्माण कर किसानों को लाभ पहुंचाती है। इस दौरान जिलाधिकारी ने कृषक सुभाष ताडागी से खेत में उपयोग किए गए बीज, उर्वरक, सिंचाई व्यवस्था और कीटनाशकों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अपर सांख्यिकी अधिकारी जुगल किशोर पांडे, कृषि, राजस्व एवं सांख्यिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा ग्रामीण मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button