SSP अजय गणपति के निर्देशन में IPL ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा खुलासा, दिल्ली का शातिर बुकी गिरफ्तार
SSP अजय गणपति के निर्देशन में IPL ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा खुलासा, दिल्ली का शातिर बुकी गिरफ्तार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
“अपराध मुक्त देवभूमि उत्तराखंड” अभियान के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने IPL ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली निवासी एक शातिर बुकी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई SOG रुद्रपुर और कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के मुताबिक आरोपी IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाकर देशभर में फैले नेटवर्क के जरिए अवैध कमाई कर रहा था। वह सुनसान स्थानों पर कार खड़ी कर लैपटॉप और मोबाइल फोन की मदद से सट्टेबाजी संचालित करता था जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 की रात ट्रांजिट कैम्प थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान SOG रुद्रपुर को सूचना मिली कि सिडकुल आनंदपुर रोड स्थित धर्मकांटे के पास एक व्यक्ति अपनी सफेद रंग की होंडा सिटी कार में बैठकर IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। सूचना मिलते ही संयुक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार संख्या DL10CL7743 में बैठे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹92 हजार नकद, HP कंपनी का लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, CASIO कंपनी का कैलकुलेटर, होंडा सिटी कार और अन्य सामान बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग सुनसान स्थानों पर कार खड़ी कर सट्टा संचालित करता था। लैपटॉप में खुले विशेष सॉफ्टवेयर में ग्राहकों के नाम, सट्टे के रेट, हार-जीत और रकम का पूरा रिकॉर्ड मिला है। वहीं मोबाइल फोन से Paytm लेन-देन और सट्टेबाजी से जुड़ी वॉयस रिकॉर्डिंग भी बरामद हुई हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत सिंह सैनी पुत्र वीर सिंह सैनी निवासी पालम कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 45 वर्ष बताई गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना ट्रांजिट कैम्प में धारा 13 G Act के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। बरामदगी और सीजर की कार्रवाई की वीडियोग्राफी e-Sakshya App के माध्यम से कराई गई।
एस.एस.पी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध, सट्टेबाजी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को बर्बाद करने वाले ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा उन्होंने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस जनपद को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। IPL सट्टेबाजी जैसे अवैध कारोबार युवाओं को गलत दिशा में धकेलने के साथ-साथ समाज में अपराध को भी बढ़ावा देते हैं। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सट्टेबाजी, नशा तस्करी, अवैध गतिविधियों और संगठित अपराधों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी ऑनलाइन सट्टेबाजी या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।।

