किराए के भवनों से मिलेगी राहत, आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए बनेंगे स्थायी भवन
किराए के भवनों से मिलेगी राहत, आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए बनेंगे स्थायी भवन
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
मनीष कुमार के निर्देश पर जनपद में किराए के भवनों में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए स्थायी विभागीय भवन निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस संबंध में सभी तहसीलदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन आंगनवाड़ी केंद्रों के पास विभागीय भूमि उपलब्ध नहीं है, उनके लिए प्राथमिकता के आधार पर उपयुक्त भूमि का चयन कर महिला एवं बाल विकास विभाग को उपलब्ध कराया जाए, ताकि भवन निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके वर्तमान में जनपद के 160 आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए भवन निर्माण की कार्यवाही विभिन्न चरणों में संचालित है। भूमि उपलब्ध होने के बाद इन केंद्रों में निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। वहीं शेष 116 केंद्रों के लिए भूमि चिन्हांकन और उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश संबंधित तहसीलदारों को दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रमुख माध्यम हैं। ऐसे में इन केंद्रों का अपने स्थायी भवनों में संचालन आवश्यक है, जिससे लाभार्थियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण मिल सके उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि चयन एवं हस्तांतरण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि सभी आंगनवाड़ी केंद्र जल्द अपने विभागीय भवनों में संचालित हो सकें।।

