Tuesday, May 19, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

उद्योगों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान, शांतिपूर्ण माहौल से मिलेगा निवेश को बढ़ावा : एडीएम पंकज उपाध्याय

उद्योगों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान, शांतिपूर्ण माहौल से मिलेगा निवेश को बढ़ावा : एडीएम पंकज उपाध्यायसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। जनपद में उद्योगों को शांतिपूर्ण वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन द्वारा उद्योग बंधुओं की समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यह निर्देश अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने मंगलवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित उद्योग मित्र बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक संस्थानों से जुड़ी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में पूर्व में आयोजित उद्योग मित्र बैठक के विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। एडीएम ने लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि जो प्रकरण शासन स्तर पर लंबित हैं, उनके लिए पुनः स्मारक पत्र भेजे जाएं तथा विभागीय स्तर पर लंबित कार्यों की समय सीमा तय कर समयबद्ध ढंग से निस्तारण किया जाए बैठक के दौरान उद्यमियों ने एल्डिको सिडकुल औद्योगिक पार्क फेज-2 में विद्युत आपूर्ति के लिए नए सब स्टेशन निर्माण की मांग उठाई। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल सितारगंज ने बताया कि प्रस्ताव को राज्य स्तरीय उद्योग मित्र बैठक में शामिल करने हेतु ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से निदेशालय को भेज दिया गया है।उद्यमियों ने सितारगंज से एल्डिको सिडकुल तक सड़क मरम्मत एवं चौड़ीकरण की मांग भी रखी। इस पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सड़क को दो लेन से बढ़ाकर तीन लेन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है तथा वर्तमान में सड़क का पैचवर्क कर गड्ढामुक्त किया गया है। बैठक में मै. मॉ शीतला वेंचर्स लिमिटेड से एनएच-74 तक पाहा नहर की कवरिंग कराने का मुद्दा भी उठाया गया। अधिशासी अभियंता सिंचाई ने बताया कि नहर कवरिंग के लिए शासन को अनुस्मारक पत्र भेजा जा चुका है। वहीं काशीपुर के मुरादाबाद रोड पर स्वीकृत 132 केवी पावर सब स्टेशन के निर्माण को लेकर अधिशासी अभियंता पिटकुल ने जानकारी दी कि सरवरखेड़ा उप संस्थान निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया देहरादून स्तर पर गतिमान है।

बैठक में उद्योग संगठनों द्वारा बिजली, फायर, भूमि लाइसेंस, लंबित प्रकरणों, आधारभूत सुविधाओं और अन्य प्रशासनिक विषयों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। उद्योग प्रतिनिधियों ने सुझाव देते हुए कहा कि बेहतर औद्योगिक वातावरण से निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।
बैठक में उप जिलाधिकारी एवं आरएम सिडकुल रुद्रपुर मनीष बिष्ट, आरएम सिडकुल सितारगंज रविंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत उमाकांत चतुर्वेदी, विवेक कांडपाल, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एसपी सिंह, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई बीएस दांगी, एएस नेगी, लोनिवि के ओपी सिंह, एनएचएआई इंजीनियर तुषार गुप्ता, केजीसीसीआई से आरके गुप्ता, अशोक बंसल, एसईडब्ल्यूएस के अध्यक्ष श्रीकर सिन्हा सहित अनेक उद्यमी और अधिकारी मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button