छह साल से अधर में लटका रुद्रपुर हाईटेक बस अड्डा, अव्यवस्थाओं के बीच सफर को मजबूर यात्री छह साल से अधर में लटका रुद्रपुर हाईटेक बस अड्डा, मेयर बोले- जल्द हटेगा अतिक्रमण, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
छह साल से अधर में लटका रुद्रपुर हाईटेक बस अड्डा, अव्यवस्थाओं के बीच सफर को मजबूर यात्री
छह साल से अधर में लटका रुद्रपुर हाईटेक बस अड्डा, मेयर बोले- जल्द हटेगा अतिक्रमण, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के गृह जनपद ऊधमसिंह नगर के प्रमुख शहर रुद्रपुर का रोडवेज बस डिपो आज बदहाली और अव्यवस्थाओं का केंद्र बनता जा रहा है। भीषण गर्मी, उड़ती धूल, तपती धूप और लू के थपेड़ों के बीच हर दिन हजारों यात्री परेशानियों के बीच सफर करने को मजबूर हैं। यात्रियों को न तो बैठने की पर्याप्त व्यवस्था मिल पा रही है और न ही धूप व बारिश से बचने के लिए उचित शेड उपलब्ध हैं। जिम्मेदार विभाग, अधिकारी और जनप्रतिनिधि लगातार दावे और बैठकों में व्यस्त दिखाई दे रहे हैं, लेकिन धरातल पर हालात जस के तस बने हुए हैं। रुद्रपुर तेजी से विकसित होता औद्योगिक और व्यापारिक शहर माना जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग बसों के माध्यम से आवागमन करते हैं। इसके बावजूद शहर का मुख्य बस अड्डा आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। बस डिपो परिसर में जगह-जगह धूल, टूटी व्यवस्थाएं और अव्यवस्थित संचालन यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। गर्मी के मौसम में यात्रियों को खुले आसमान के नीचे घंटों बसों का इंतजार करना पड़ता है, जबकि बरसात के दिनों में हालात और अधिक खराब हो जाते हैं।
करीब छह वर्षों से रुद्रपुर में हाईटेक रोडवेज बस अड्डा बनाने की चर्चा हो रही है। कई बार घोषणाएं हुईं, योजनाएं बनीं और बैठकों में प्रस्ताव रखे गए, लेकिन आज तक यह महत्वाकांक्षी योजना धरातल पर उतरती नजर नहीं आई स्थानीय लोगों का कहना है कि बस अड्डे की जमीन पर हुए अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। प्रशासन द्वारा समय-समय पर कार्रवाई की बात कही गई, लेकिन अभी तक अतिक्रमण पूरी तरह हटाया नहीं जा सका है। उड़ती धूल, तपती धूप और लू के थपेड़ों के बीच हर दिन हजारों यात्री परेशानियों के बीच सफर करने को मजबूर हैं। बसों के इंतजार में यात्रियों को खुले आसमान के नीचे खड़ा रहना पड़ता है। वहीं बरसात के दौरान यात्रियों को भीगने से बचाने के लिए भी कोई पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। धूल और गंदगी के कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों का कहना है कि यदि अतिक्रमण हटाकर निर्माण कार्य शुरू किया जाए तो रुद्रपुर को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित हाईटेक बस अड्डा मिल सकता है, जिससे न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी। लोगों का कहना है कि वर्तमान हालात में दूरदराज से आने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहरवासियों और यात्रियों को अब नगर निगम और शहर के मेयर से काफी उम्मीदें हैं। लोगों का मानना है कि यदि नगर निगम, प्रशासन और परिवहन विभाग मिलकर संयुक्त रूप से कार्रवाई करें तो अतिक्रमण हटाकर जल्द ही हाईटेक रोडवेज बस अड्डे का सपना साकार किया जा सकता है।
मेयर ने शहरवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि रुद्रपुर शहर तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और ऐसे में शहर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक रोडवेज बस अड्डे की सख्त आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान बस डिपो की समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। मेयर ने कहा कि बस अड्डे की जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर के विकास में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जल्द ही इस दिशा में ठोस कार्रवाई देखने को मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में प्रतिदिन हजारों यात्री रोडवेज सेवा का उपयोग करते हैं, लेकिन वर्तमान हालात यात्रियों के लिए बेहद परेशान करने वाले हैं। भीषण गर्मी में यात्रियों को धूप में खड़ा रहना पड़ता है और बरसात के दौरान भी उन्हें पर्याप्त सुविधा नहीं मिल पाती। ऐसे में नगर निगम यात्रियों की समस्याओं को दूर करने के लिए गंभीरता से कार्य करेगा।
मेयर ने यह भी कहा कि हाईटेक रोडवेज बस अड्डा बनने से न केवल यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी पहले से बेहतर होगी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित बस अड्डे में बेहतर प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, पार्किंग और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद का बस अड्डा आधुनिक और व्यवस्थित होना चाहिए, ताकि बाहर से आने वाले लोगों के सामने शहर की बेहतर छवि प्रस्तुत हो सके। नगर निगम और प्रशासन मिलकर जल्द इस परियोजना को गति देने का प्रयास करेंगे, ताकि वर्षों से लंबित हाईटेक बस अड्डे का सपना जल्द साकार हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब समय आ गया है कि वर्षों से लंबित इस परियोजना को धरातल पर उतारा जाए, ताकि रुद्रपुर की पहचान एक आधुनिक और व्यवस्थित शहर के रूप में और मजबूत हो सके।।

