तहसील दिवस में 09 शिकायतें दर्ज, 08 का मौके पर निस्तारण डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को संवेदनशील होकर समस्याएं सुनने के दिए निर्देश
तहसील दिवस में 09 शिकायतें दर्ज, 08 का मौके पर निस्तारण
डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को संवेदनशील होकर समस्याएं सुनने के दिए निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। मंगलवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को शांत मन और संवेदनशीलता के साथ सुनें तथा तहसील दिवस में पंजीकृत शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करें तहसील दिवस में भूमि, मार्ग, मनरेगा भुगतान, सिंचाई गूल तथा गैस संबंधी कुल 09 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 08 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
इस दौरान महेंद्र पोपली ने कलेक्ट्रेट आवासीय परिसर में अराजक तत्वों द्वारा नशा करने, मारपीट और छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी को रात्रि 09 बजे के बाद कलेक्ट्रेट परिसर के गेट बंद करने तथा पुलिस को नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए वहीं कैलाश चंद्र ने गन्ना विभाग द्वारा किसी व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से चकमार्ग निर्माण कराने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने सहायक गन्ना आयुक्त को तत्काल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अब्दुल गनी ने अत्यधिक विद्युत बिल आने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को विद्युत मीटर की जांच कर समस्या का तत्काल समाधान करने को कहा। सुखदेव सिंह ने मनरेगा भुगतान की मांग उठाई, जिस पर जिला विकास अधिकारी को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं मुकेश कुमार ने घरेलू गैस सिलेंडर न मिलने की समस्या रखी, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए तहसील दिवस में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।

