ऊधम सिंह नगर

कुमाऊं में जनगणना 2027 की प्रक्रिया शुरू, घर-घर पहुंचेगी गणना टीम: आयुक्त दीपक रावत की अपील

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

कुमाऊं मंडल में जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य शुरू हो गया है। मंडल आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि संगणक और गणना टीमें घर-घर जाकर सर्वे का कार्य कर रही हैं।

उन्होंने मंडलवासियों से अपील की है कि जब गणना कर्मी उनके घर पहुंचें, तो उनसे पूरा सहयोग करें। सभी गणना कर्मियों के पास वैध सरकारी पहचान पत्र होगा, जिसे नागरिक चाहें तो सत्यापित भी कर सकते हैं। सर्वे के दौरान प्रत्येक घर से आवश्यक जानकारी और सूचनाएं ली जाएंगी, जिन्हें सही और पूर्ण रूप से उपलब्ध कराना जरूरी है।

आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि गणना प्रक्रिया के दौरान भवनों पर मार्किंग या नंबरिंग की जा सकती है। इसे लेकर किसी भी प्रकार का विरोध न करें और इसे राष्ट्रीय कार्य मानते हुए सहयोग प्रदान करें।

जनता की सुविधा के लिए टोल-फ्री नंबर 1855 जारी किया गया है, जो सुबह 9:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक सक्रिय रहेगा। इस नंबर पर कॉल कर जनगणना से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। आयुक्त दीपक रावत ने सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी और सहयोग की अपील की है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button