ऊधम सिंह नगर

नैनीताल कलेक्ट्रेट पार्किंग में अधिवक्ता का शव मिलने से हड़कंप, पिस्टल और संदिग्ध सुसाइड नोट बरामद

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

नैनीताल में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब कलेक्ट्रेट परिसर की पार्किंग में खड़ी एक कार के अंदर अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने अचानक गोली चलने जैसी आवाज सुनी। आवाज सुनते ही लोग तुरंत पार्किंग की ओर दौड़े, जहां एक कार के भीतर अधिवक्ता गंभीर अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय अधिवक्ता भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार का निरीक्षण किया, जिसमें अधिवक्ता का शव बरामद हुआ। घटनास्थल से एक पिस्टल भी मिली है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। इसके अलावा कार के डैशबोर्ड से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार, बरामद नोट में अधिवक्ता द्वारा बीमारी से परेशान होने का जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जब तक फोरेंसिक जांच पूरी नहीं हो जाती और सभी तथ्यों की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना के पूरे घटनाक्रम को समझा जा सके।

इस घटना के बाद स्थानीय अधिवक्ताओं में भी आक्रोश और शोक का माहौल है। कई वकीलों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

मामले पर जानकारी देते हुए एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button