सीएम धामी से वार्ता के बाद डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल स्थगित देहरादून
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
उत्तराखण्ड में पिछले कई दिनों से चल रही डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक के बाद उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने यह निर्णय लिया।
बैठक में महासंघ के पदाधिकारियों ने अपनी 27 सूत्रीय मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से रखा। इन मांगों में पदोन्नति, वेतनमान और पुरानी पेंशन व्यवस्था जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। मुख्यमंत्री की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद महासंघ ने 23 मार्च 2026 से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल को राज्यहित में स्थगित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार संवाद और समन्वय के जरिए सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी जोर दिया कि जनहित से जुड़े कार्यों को सुचारू रूप से चलाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और विकास कार्यों में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष इं. आर.सी. शर्मा के अनुसार, संगठन के सदस्य 23 मार्च से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में मिले सकारात्मक संकेतों के बाद हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।।

