12 लाख प्रतिभागियों में चमका उत्तराखंड का सितारा, माय भारत बजट क्वेस्ट के फाइनल में पहुंचे रुद्र प्रताप सिंह
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती—इसी बात को सच कर दिखाया है 16 वर्षीय छात्र ठाकुर रुद्र प्रताप सिंह ने। स्टोन रिज इंटरनेशनल स्कूल के मेधावी छात्र रुद्र ने ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर से आए 12 लाख से अधिक प्रतिभागियों को पछाड़कर फाइनल राउंड में अपनी जगह बना ली है।
यह प्रतियोगिता भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय के ‘MY Bharat’ प्लेटफॉर्म के तहत आयोजित की जा रही है। इस उपलब्धि के साथ ही रुद्र को अप्रैल के मध्य में देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi के साथ एक विशेष वर्चुअल संवाद में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जहां वह राष्ट्र निर्माण और बजट से जुड़े अहम मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।
कम उम्र में ही रुद्र प्रताप सिंह ने अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवाया है। वह न केवल एक मेधावी छात्र हैं, बल्कि सीबीएसई में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं और अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उनकी इस सफलता को शिक्षा और नवाचार के प्रति उनके समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।
विद्यालय प्रबंधन ने रुद्र की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि 12 लाख प्रतिभागियों में शीर्ष स्थान हासिल करना उनकी असाधारण प्रतिभा को दर्शाता है। यह उपलब्धि न केवल स्कूल, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।
रुद्र की इस सफलता ने क्षेत्र में उत्साह का माहौल पैदा कर दिया है। सोशल मीडिया पर भी उन्हें भविष्य का उभरता हुआ युवा नेतृत्वकर्ता बताया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि विकसित भारत के निर्माण में रुद्र जैसे युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।
रुद्र प्रताप सिंह की यह उपलब्धि युवाओं के लिए एक प्रेरणा बनकर सामने आई है, जो यह संदेश देती है कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर मेहनत से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता ।।

