सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया 114वीं रैंक हासिल करने वाले गौरव जोशी का जिलाधिकारी ने किया सम्मान
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चंपावत। जनपद चंपावत के युवा गौरव जोशी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) परीक्षा में ऑल इंडिया 114वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वयं उनके घर पहुंचकर उन्हें और उनके परिवार को सम्मानित किया।
कलेक्ट्रेट रोड, डड़ा बिष्ट निवासी 21 वर्षीय गौरव जोशी को जिलाधिकारी ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने गौरव की सफलता को जनपद के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
गौरव मूल रूप से ग्राम बाराबाटी, नरियाल गांव के निवासी हैं। उनके पिता नारायण दत्त जोशी लोहाघाट में व्यापारी हैं, जबकि माता मीना जोशी आंगनबाड़ी कार्यकर्ती के रूप में सेवाएं दे रही हैं। साधारण परिवार से आने वाले गौरव ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, चंपावत से प्राप्त की और वर्तमान में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, चंपावत परिसर से स्नातक अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। इससे पहले वे एनडीए परीक्षा में चयनित नहीं हो सके थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास जारी रखा गौरव जोशी का चयन भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) के लिए हुआ है, जहां प्रशिक्षण के बाद वे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त होंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस अवसर पर कहा कि समर्पण, मेहनत और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने गौरव को ईमानदारी और अनुशासन के साथ देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया गौरव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और समर्थन के बिना यह संभव नहीं था।।

