चम्पावत में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 25 अप्रैल से शुरू होगा मकान सूचीकरण
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। जनगणना-2027 के प्रथम चरण को लेकर जनपद चम्पावत में तैयारियां तेज हो गई हैं। मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 25 अप्रैल से शुरू होकर 24 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए जनसहभागिता पर विशेष जोर दिया है।
10 अप्रैल से शुरू होगी स्व-गणना
इस बार नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी दी गई है। यह प्रक्रिया 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक चलेगी। इसके तहत लोग प्रगणक के घर पहुंचने से पहले ही अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
इच्छुक नागरिक “जनगणना स्व-गणना पोर्टल”� पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। पोर्टल पर मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से सत्यापन, जिला व पिनकोड की जानकारी भरने के बाद प्रश्नावली पूर्ण कर जानकारी सबमिट करनी होगी।
स्व-गणना के बाद प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखना जरूरी होगा, क्योंकि प्रगणक के घर पहुंचने पर इसी आईडी के माध्यम से जानकारी का सत्यापन किया जाएगा जिन नागरिकों द्वारा स्व-गणना नहीं की जाएगी, उनकी जानकारी प्रगणकों द्वारा 25 अप्रैल से 24 मई तक घर-घर जाकर एकत्रित की जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े ही भविष्य की योजनाओं, संसाधनों के वितरण और विकास कार्यों की आधारशिला होते हैं, इसलिए सही और पूर्ण जानकारी देना बेहद जरूरी है।।

