पूर्व सैनिकों को मिला सम्मान, सीएम ने किया सीएसडी कैंटीन व सैनिक मिलन केंद्र का लोकार्पण
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा क्षेत्र में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में भाग लेते हुए 715.51 लाख रुपये की लागत से बनी सीएसडी कैंटीन और 162.26 लाख रुपये से निर्मित सैनिक मिलन केंद्र का लोकार्पण किया। यह कार्यक्रम उनके पिता स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी की पुण्यतिथि पर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 60 वीर नारियों और 80 पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया तथा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सैनिकों का सम्मान और उनके परिवारों का कल्याण सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उनके पिता के आदर्श और संस्कार आज भी उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र में हो रहे विकास, “मेक इन इंडिया” से “मेक फॉर द वर्ल्ड” तक की प्रगति और बढ़ते रक्षा निर्यात का भी उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शहीदों के परिजनों को आर्थिक सहायता, नौकरी, पेंशन वृद्धि और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। साथ ही देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण भी किया जा रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, सैन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।।

