जनता मिलन कार्यक्रम में 88 शिकायतें दर्ज, त्वरित निस्तारण के निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। जन-सामान्य की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की।
कार्यक्रम में जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और विकास से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 88 शिकायतें दर्ज की गईं जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जो मामले तत्काल निस्तारित हो सकते हैं, उनका मौके पर ही समाधान किया जाए। शेष मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही, पिछले सप्ताह की शिकायतों की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता को विभागीय कार्रवाई की जानकारी दी जाए।
प्रमुख मामले
कार्यक्रम में शिक्षा, भूमि विवाद, रोजगार, आधार कार्ड सुधार, स्ट्रीट लाइट, पेंशन और पेयजल जैसी विभिन्न समस्याएं सामने आईं ग्राम चौडाकोट के प्रदीप राम द्वारा पुत्र की शिक्षा की व्यवस्था की मांग पर मुख्य शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए कैलाश चंद्र राय द्वारा भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए गए।
लक्ष्मण सिंह द्वारा जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा हेतु फेंसिंग की मांग पर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया फूलवती देवी को रोजगार के लिए सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए निर्मला महर के आधार कार्ड सुधार प्रकरण में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया विभिन्न क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगाने और पेयजल समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन का फोकस
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्यों में संवेदनशीलता और जवाबदेही बेहद आवश्यक है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कृष्णा नाथ गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।।

