ऊधम सिंह नगर

रुद्रपुर में 21 जोड़ों का सामूहिक विवाह धूमधाम से संपन्न

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। सर्व समाज कल्याण समिति और लघु व्यापार मंडल ट्रांजिट कैंप के तत्वावधान में नौवां सामूहिक विवाह समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। इस दौरान 21 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह बंधन में बंधे।
गल्ला मंडी से बैंड-बाजों के साथ 21 दूल्हे रथों पर सवार होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए ट्रांजिट कैंप स्थित फुटबॉल मैदान पहुंचे। रास्ते में कई स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। मैदान पहुंचने पर वधू पक्ष की ओर से वर पक्ष का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया, जिसके बाद वैवाहिक कार्यक्रम शुरू हुआ।

वर पक्ष के मंच पर विराजमान होने के बाद 21 वधुएं लाल जोड़े में अपनी सखी-सहेलियों और परिजनों के साथ पहुंचीं। यहां विधि-विधान से जयमाला की रस्म पूरी कराई गई। कार्यक्रम संयोजक भारत भूषण चुघ ने बताया कि विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार गायत्री परिवार द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। मंत्रोच्चारण के बीच सभी जोड़ों के फेरे कराए गए और 21 जोड़े जीवन भर के लिए एक-दूसरे के हो गए।

समारोह में दूधिया मंदिर के शिवानंद जी महाराज, मंदिर मनकामेश्वर के स्वामी नारायण चैतन्य, सोमानंद जी महाराज और अशोक जी महाराज सहित कई संत-महात्माओं ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में पहुंचे और वर-वधुओं के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

संयोजक चुघ ने बताया कि संस्था और जनसहयोग से सभी जोड़ों को दान स्वरूप डबल बेड, ड्रेसिंग टेबल, अलमारी, सिलाई मशीन, पंखा और बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान देकर विदा किया गया। लघु व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने बताया कि पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही 21 जोड़ों का चयन किया गया, जो सभी मानकों पर खरे उतरे।

विवाह के बाद भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें सैकड़ों लोगों ने शामिल होकर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और प्रसाद ग्रहण किया।
इस मौके पर मनोज गुप्ता, विकास बंसल, कमलदीप सोनकर, मधु डे, अशोक शाह, गौरव, दीप गुप्ता, पूरन पांडेय, राजीव कुमार, विकास आर्य, प्रवीन जोशी, महेश पांडेय, जगदंबा कौशिक, मोनू ठाकुर, महेश ठाकुर, अनिल चौहान, आनंद दुबे, गणेश पांडेय, पप्पू राजपूत, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व मेयर रामपाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button