ऊधम सिंह नगर

जनता मिलन कार्यक्रम में 83 शिकायतें दर्ज, जिलाधिकारी ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

चम्पावत। जन-सामान्य की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

कार्यक्रम के दौरान कुल 83 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो मामले तत्काल निस्तारित किए जा सकते हैं, उनका मौके पर समाधान किया जाए, जबकि अन्य मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई कर आख्या प्रस्तुत की जाए।जनता मिलन कार्यक्रम में खेतीखान निवासी प्रदीप जोशी ने जमीनी विवाद की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी पाटी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं मैरोली गांव के सुरेश चंद्र और नारायण दत्त ने सोलर स्ट्रीट लाइट और मार्ग निर्माण की मांग रखी, जिस पर उरेडा और बीडीओ चम्पावत को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम बिरगुल के नारायण दत्त जोशी द्वारा कान की मशीन की मांग पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग से जांच कराते हुए समाज कल्याण विभाग के माध्यम से उन्हें कान की मशीन उपलब्ध कराई। वहीं चौड़ा राजपुरा की मोती देवी ने पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की, जिस पर बीडीओ चम्पावत को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में त्यारकुड़ा वार्ड की बसंती तिवारी ने घर की छत से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन हटाने की मांग की, जिस पर यूपीसीएल को क्षेत्र का सर्वे कर लाइन विस्थापन की कार्रवाई करने को कहा गया। गंगनौला की ऋचा जोशी ने परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की जानकारी दी, जिस पर पूर्ति विभाग, समाज कल्याण विभाग और बीडीओ लोहाघाट को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा बाजरीकोट के अनिल कुमार ने रोजगार की मांग की, जिस पर विभिन्न विभागों को प्रशिक्षण और रोजगार से संबंधित अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। नागनाथ वार्ड के योगेश जोशी की बरसाती नाले के निर्माण की मांग पर राजस्व और नगरपालिका चम्पावत को सर्वे कराने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में हरम (मंच) की जयंती देवी द्वारा गुलदार के हमले में दुधारू गाय के मारे जाने की शिकायत पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए गए वहीं कोयाटी के ईश्वर सिंह बिष्ट की पेयजल समस्या और च्यूराखर्क के अमित खर्कवाल की खेतों की फेंसिंग व सोलर स्ट्रीट लाइट की मांग पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त कई अन्य शिकायतकर्ताओं की समस्याएं भी दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं से समन्वय बनाकर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी सदर अनुराग आर्या, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी और फरियादी उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button