अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर “कोशिश–एक नई आशा” कार्यक्रम, थानों में सुनी गई महिलाओं की समस्याएँ, रुद्रपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद ऊधमसिंहनगर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से “थाना दिवस – कोशिश: एक नई आशा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आईजी कुमाऊं रेंज श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल के मार्गदर्शन और एसएसपी ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकियों में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान थानों में पहुंची महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और विभिन्न कानूनों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।
इस अवसर पर ऐच्छिक ब्यूरो और महिला हेल्पलाइन में लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई तथा उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही महिलाओं को घरेलू हिंसा, महिला अपराध और साइबर ठगी से बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस द्वारा डायल-112 और महिला हेल्पलाइन जैसी सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपनी समस्याएँ साझा कीं और पुलिस की इस पहल की सराहना की वहीं महिला दिवस के मौके पर पुलिस लाइन रुद्रपुर में महिलाओं के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में महिला पुलिसकर्मियों और पुलिस परिवार की महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाइयाँ प्रदान कीं तथा पोषण, महिला स्वास्थ्य और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया पुलिस प्रशासन की इस पहल को महिलाओं के लिए सकारात्मक और भरोसा बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है।।

