ऊधमसिंहनगर में कच्ची शराब माफियाओं पर पुलिस का बड़ा प्रहार, एक सप्ताह में 127 गिरफ्तार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
ऊधम सिंह नगर। जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर चलाए गए एक सप्ताह के विशेष अभियान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 133 अभियोग दर्ज किए और 127 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस ने 3156 लीटर कच्ची शराब बरामद की, 10 वाहनों को जब्त किया और 63 अवैध भट्टियों को नष्ट किया। साथ ही लगभग 1 लाख 52 हजार 100 लीटर लहन (कच्ची शराब बनाने का कच्चा माल) भी नष्ट किया गया।
यह विशेष अभियान 28 फरवरी 2026 से 6 मार्च 2026 तक जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया। अभियान के तहत जसपुर, कुंडा, काशीपुर, आईटीआई, बाजपुर, केलाखेड़ा, गदरपुर, दिनेशपुर, पंतनगर, ट्रांजिट कैम्प, रुद्रपुर, किच्छा, पुलभट्टा, सितारगंज, नानकमत्ता, खटीमा और झनकईया थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर अवैध शराब की भट्टियों को नष्ट किया गया और भारी मात्रा में लहन मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके अलावा शराब तस्करी में प्रयुक्त 10 वाहनों को भी पुलिस ने जब्त किया।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि जनपद में अवैध कच्ची शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह के अवैध धंधों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।।

