भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे एसएसपी अजय गणपति, थाना झनकईया का किया औचक निरीक्षण
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
ऊधम सिंह नगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने 7 मार्च 2026 को थाना झनकईया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने सबसे पहले थाना परिसर, कार्यालय, मैस और कर्मचारी बैरकों का निरीक्षण किया। साथ ही कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण रजिस्टरों और अभिलेखों का अवलोकन कर उन्हें व्यवस्थित रखने और समय-समय पर अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के लिए भी निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाने में तैनात सभी विवेचकों का ओआर (Orderly Room) लिया और लंबित मुकदमों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विवेचना के दौरान साक्ष्यों का सही संकलन करने और निष्पक्ष व पारदर्शी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया।
इसके बाद एसएसपी अजय गणपति ने भारत-नेपाल सीमा से सटे थाना झनकईया क्षेत्र के ग्राम सिसैया और मेलाघाट के नावघाट क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पूर्व व वर्तमान ग्राम प्रधानों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और लगभग 40-50 ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर जनसंवाद किया। ग्रामीणों ने सीमा क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और सुझावों से एसएसपी को अवगत कराया, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
भ्रमण के दौरान एसएसपी ने सशस्त्र सीमा बल (SSB) के अधिकारियों और जवानों के साथ बैठक कर सीमा सुरक्षा, गश्त व्यवस्था और आपसी समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और पुलिस व एसएसबी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ जनता के साथ निरंतर संवाद भी जरूरी है, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखा जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।।

