अरविंद शर्मा का एक और कारनामा, महिला अधिवक्ता को गोली से उड़ाने की धमकी – पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर, दहशत में परिवार
अरविंद शर्मा का एक और कारनामा, महिला अधिवक्ता को गोली से उड़ाने की धमकी
– पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर, दहशत में परिवार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रूद्रपुर। अटरिया मंदिर के पास खाली पड़ी जमीन पर नमाज पढ़ रहे एक मुस्लिम बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट करने वाले तथाकथित पुजारी अरविंद शर्मा का एक और कारनामा सामने आया है। सोशल मीडिया पर बुजुर्ग को लात-घूंसों से पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद अब पुजारी पर अपनी ही पूर्व पत्नी को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पेशे से अधिवक्ता और पुजारी की पूर्व पत्नी सरिता सक्सेना ने थाना दिनेशपुर में तहरीर देकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नं. चार दिनेशपुर निवासी सरिता सक्सेना ने स्थानीय समाचार चैनलों को दिए एक इंटरव्यू में अरविंद शर्मा द्वारा बुजुर्ग के साथ की गई मारपीट और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाले कृत्य की घोर निंदा की थी। इसी इंटरव्यू के वायरल होने से बौखलाए अरविंद शर्मा ने 25 फरवरी की रात करीब 10.22 बजे अपने मोबाइल नंबर से सरिता सक्सेना के फोन पर कॉल किया। आरोप है कि इस दौरान अरविंद ने उन्हें सरेआम गोली मार देने की धमकी दी। पीड़िता का दावा है कि उनके पास इस धमकी भरी बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित है।
तहरीर में सरिता सक्सेना ने अरविंद शर्मा के अपराधिक इतिहास का भी खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि अरविंद शर्मा हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है और वर्तमान में उच्च न्यायालय से अपील पर जमानत पर बाहर है। प्रार्थिनी ने यह भी आरोप लगाया कि अरविंद शर्मा, उसकी वर्तमान पत्नी खुशबू और उनके बदमाश साथी उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनके साथ कोई भी अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी अरविंद शर्मा और उसके सहयोगियों की होगी।
महिला अधिवक्ता की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। दिनेशपुर पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इधर, एक धार्मिक स्थल से जुड़े व्यक्ति द्वारा पहले एक बुजुर्ग के साथ हिंसा और अब अधिवक्ता को धमकी देने की घटना से क्षेत्र में रोष व्याप्त है।।

