Monday, September 14, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

प्रबंधक की पूर्व पत्नी ने खोले कई राज, माहौल गरमाया

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

उत्तराखंड के रुद्रपुर में स्थित अटरिया मंदिर परिसर से जुड़ा एक वीडियो सामने आते ही इलाके का माहौल गरमा गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में नमाज अदा कर रहे एक व्यक्ति के साथ कथित मारपीट का दृश्य दिखाई दे रहा है, जिसने पूरे क्षेत्र में आक्रोश और बेचैनी फैला दी है।

इस घटना ने सांप्रदायिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुस्लिम समुदाय के लोगों में गहरा रोष है और प्रशासन से सख्त व निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की जा रही है।विवाद के बीच मंदिर प्रबंधक अरविंद शर्मा की पूर्व पत्नी सरिता सक्सेना का वीडियो सामने आने से मामला और तूल पकड़ गया है। सरिता ने दावा किया कि जिस स्थान पर नमाज पढ़ी जा रही थी, वह मंदिर परिसर के भीतर नहीं बल्कि पास के मैदान में था। उन्होंने इस पूरी कार्रवाई को निंदनीय बताते हुए कहा कि इससे समाज में अनावश्यक तनाव और वैमनस्य बढ़ता है।

सरिता ने अरविंद शर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे स्वयं को धर्म का रक्षक बताकर लोगों को गुमराह करते हैं, जबकि उनके खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। उनके अनुसार, उन्हें आजीवन कारावास की सजा भी सुनाई जा चुकी है और फिलहाल वे जमानत पर बाहर हैं। इन दावों ने पूरे प्रकरण को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अरविंद शर्मा ने उन्हें छोड़कर अपनी रिश्ते की बहन से विवाह किया, जिससे उनके दो बच्चे हैं। सरिता ने सवाल उठाया कि निजी जीवन में विवादों से घिरा व्यक्ति किस आधार पर खुद को नैतिकता और धर्म का संरक्षक बताता है।

सरिता के अनुसार, पहले रमजान के दौरान वही व्यक्ति रोजेदारों को घर बुलाकर इफ्तार करवाता था, लेकिन अब उनका रुख पूरी तरह बदल चुका है।

पूरे घटनाक्रम ने स्थानीय स्तर पर बहस, आक्रोश और राजनीतिक बयानबाज़ी को हवा दे दी है। अब सबकी निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।।

error: Content is protected !!
Call Now Button