Monday, September 14, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

देवभूमि की मर्यादा पर प्रहार, इबादत कर रहे बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई – इंसानियत शर्मसार, हत्या के मामले में पैरोल पर बाहर आए मंदिर के महंत की गुंडागर्दी आयी सामने 

देवभूमि की मर्यादा पर प्रहार, इबादत कर रहे बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई

– इंसानियत शर्मसार, हत्या के मामले में पैरोल पर बाहर आए मंदिर के महंत की गुंडागर्दी आयी सामने

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर । उत्तराखंड जिसे देवभूमि के नाम से जाना जाता है, वहां से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित अटारिया मंदिर के पास एक खुले मैदान में नमाज अदा कर रहे एक दिहाड़ी मजदूर बुजुर्ग की मंदिर के महंत द्वारा बेरहमी से पिटाई की गई। इस घटना ने न केवल तराई क्षेत्र के आपसी भाईचारे पर प्रहार किया है, बल्कि पूरे प्रदेश की छवि को धूमिल किया है।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मंदिर कमेटी का पदाधिकारी और महंत, बुजुर्ग नमाजी को लात-घूंसों और डंडे से बुरी तरह पीट रहा हैं। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने न केवल मारपीट की, बल्कि खुद ही इस वीडियो को बनवाकर सोशल मीडिया पर वायरल करवाया । वीडियो में हमलावर धार्मिक उन्माद फैलाने वाली अपमानजनक भाषा का प्रयोग कर रहा है, जबकि बुजुर्ग नमाजी हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगता रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मारपीट करने वाला आरोपी अरविंद शर्मा एक प्रतिष्ठित मंदिर का महंत है और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह हत्या के एक मामले में वर्तमान में जेल से पैरोल पर बाहर आया हुआ है। तराई के इतिहास में इस तरह की नफरत भरी घटना पहली बार देखी गई है, जिससे स्थानीय लोगों में गहरा रोष है।

जहाँ एक ओर हाल ही में कोटद्वार के मोहम्मद दीपक ने कौमी एकता की मिसाल पेश कर पूरे देश का दिल जीता था, वहीं रुद्रपुर की इस घटना ने विपरीत तस्वीर पेश की है। एक तरफ भाईचारे का संदेश है, तो दूसरी तरफ धर्म की आड़ में नफरत फैलाने वाला यह कृत्य।

इस बर्बरतापूर्ण घटना के बाद मुस्लिम समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। बड़ी संख्या में लोग सिडकुल पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। मुस्लिम समाज ने मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button