Saturday, June 27, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

महिला सहायता समूहों को इंटीग्रेशन एवं क्लस्टर आधारित दृष्टिकोण से जोड़ें- श्री गर्ब्याल एकीकृत एवं क्लस्टर मॉडल से महिलाओं के लिए खुलेंगे वर्षभर आय के अवसर

दीक्षा गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

महिला सहायता समूहों में उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता सचिव, पर्यटन एवं ग्राम्य विकास, उत्तराखण्ड श्री धीराज सिंह गर्ब्याल द्वारा की गई।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में सचिव महोदय द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों एवं महिला सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कृषि एवं उद्यान सहित अन्य उत्पादों के संवर्धन, गुणवत्ता सुधार तथा प्रभावी विपणन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत अपनी माता स्वर्गीय श्रीमती कमला गर्ब्याल के नाम कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण किया। इसके पश्चात सचिव महोदय द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

कार्यशाला के दौरान मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत महिलाओं की उद्यमशील क्षमता विकसित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

सचिव श्री गर्ब्याल ने महिला सहायता समूहों की महिलाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शंकाओं को सुना तथा कार्यशाला के दौरान ही उनका समाधान सुनिश्चित किया।

उन्होंने ग्रामीण उद्यमों को सशक्त बनाने में रूरल सेंटर इन्क्यूबेटर की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। साथ ही जनपद में लखपति दीदी की संख्या बढ़ाने, उनकी समस्याओं के समाधान एवं व्यवसायिक गतिविधियों के विस्तार को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

सचिव महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला सहायता समूहों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखा जाए, जिससे महिलाओं को नियमित मार्गदर्शन एवं सहयोग मिल सके।

उन्होंने जनपद में समुदायिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समस्त चाय उत्पादन वाले गांवों को चिन्हित कर उन्हें मॉडल गांव के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। “हिमालय व्यू” वाले टी-गार्डन एवं पर्यटन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इन गांवों के समग्र विकास पर विशेष बल देने के निर्देश दिए।

सचिव श्री गर्ब्याल ने महिला सहायता समूहों से इंटीग्रेशन एवं क्लस्टर आधारित दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया तथा पर्यटन के साथ कृषि एवं उद्यानिकी को जोड़ने पर जोर दिया।

उन्होंने जनपद में होम-स्टे को पारंपरिक पहाड़ी शैली में विकसित करने, ट्रैकिंग ट्रेल्स के चिन्हीकरण से रोजगार सृजन करने एवं क्लस्टर आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को होम-स्टे संचालन हेतु तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि चयनित स्थलों पर होम-स्टे विकास पर विशेष फोकस किया जाए तथा स्थानीय उत्पादों को इस प्रकार विकसित किया जाए कि पर्यटक स्वयं आकर्षित होकर वहां तक पहुंचें। इसके लिए कम्युनिटी बेस्ड मॉडल अपनाते हुए होम-स्टे एवं ग्रामीण विकास को एकीकृत करने पर बल दिया गया।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए सचिव महोदय ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि, बागवानी एवं होम-स्टे को अलग-अलग नहीं बल्कि एकीकृत रूप से अपनाना आवश्यक है। सभी गतिविधियों का समन्वय ही वास्तविक आत्मनिर्भरता का आधार बनेगा।

जनपद में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से सचिव महोदय ने खिरद्वारी क्षेत्र को ट्राइबल टूरिज्म के रूप में विकसित करने हेतु चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, जिससे स्थानीय जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं आजीविका को बढ़ावा मिल सके।

सचिव श्री गर्ब्याल ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपनी कमियों की स्वयं पहचान कर उनमें सुधार लाएं तथा गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के माध्यम से बाजार में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करें। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देते हुए गांवों के समग्र विकास हेतु प्रत्येक गांव में बैठने योग्य सार्वजनिक स्थलों एवं ओट/छायादार संरचनाओं को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अंचला बोहरा, विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या मे जनपद के विभिन्न सहायता समूहों की महिलाओं, जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
Call Now Button