साइबर अपराधों के खिलाफ केलाखेड़ा पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान बाजार बेरिया में आमजन को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया अपराधों से बचाव की दी जानकारी
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
ऊधम सिंह नगर। साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को थाना केलाखेड़ा पुलिस टीम ने बाजार बेरिया में जनजागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने लोगों को डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, मजबूत पासवर्ड तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए लोगों को “सावधानी, सतर्कता और सुरक्षा” तथा “रुको, सोचो, जांचो और रिपोर्ट करो” का मूल मंत्र अपनाने की अपील की।
पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर समय गंवाए बिना तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। वहीं आपातकालीन स्थिति में 112 पर सूचना देने के लिए भी आमजन को जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराधों से सतर्क रहें और साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं।।

