ऊधम सिंह नगर

वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर खटीमा में यातायात डायवर्जन प्लान लागू आज कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन, ई-रिक्शा व ऑटो समेत कई वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध

वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर खटीमा में यातायात डायवर्जन प्लान लागू

आज कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन, ई-रिक्शा व ऑटो समेत कई वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

खटीमा। 04 अक्टूबर को खटीमा में आयोजित होने वाले वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस ने विस्तृत डायवर्जन एवं पार्किंग प्लान लागू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।

टनकपुर से रुद्रपुर एवं पीलीभीत की ओर आने वाले भारी वाहनों को चकरपुर बाईपास से चौकी प्रतापपुर एवं सत्रमील चौकी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पीलीभीत जाने वाले छोटे वाहन लोहिया हेड तिराहा, कपूर तिराहा एवं मुंडेली चौराहा होते हुए जाएंगे। वहीं पीलीभीत से आने वाले छोटे वाहन मुंडेली चौराहा, नौगवाठग्गू एवं भूड़ नहर होते हुए रुद्रपुर/टनकपुर की ओर जाएंगे, जबकि भारी वाहनों को सत्रमील चौकी एवं प्रतापपुर चौकी मार्ग से भेजा जाएगा।रुद्रपुर से टनकपुर जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों को चकरपुर बाईपास का प्रयोग करना होगा। पीलीभीत जाने वाले छोटे वाहन भूड़ चौराहा, नौगवाठग्गू एवं मुंडेली चौराहा होकर जाएंगे। मेलाघाट से रुद्रपुर/टनकपुर जाने वाले छोटे वाहनों के लिए राजीव नगर चौराहा, कपूर चौराहा, लोहिया हेड चौराहा एवं चकरपुर बाईपास का मार्ग निर्धारित किया गया है। पीलीभीत की ओर जाने वाले वाहन राजीव चौक, सीएसडी कैंटीन रोड, साईं तिराहा एवं मुंडेली चौराहा होकर जाएंगे।

निर्धारित पार्किंग स्थल

वीआईपी/वीवीआईपी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वर्कशॉप पार्किंग में VVIP वाहनों, होलीडे होम पार्किंग में VIP वाहनों तथा मंडी पार्किंग में आमजन एवं रैली में आने वाले वाहनों को पार्क कराया जाएगा।

अचानक आने वाले भारी वाहनों के लिए भी पुलिस ने अलग व्यवस्था की है। पीलीभीत मार्ग पर बड़े वाहनों को मुंडेली चौराहे से करीब 200 मीटर पहले रोका जाएगा। रुद्रपुर से आने वाले बड़े वाहनों को कोर्ट परिसर खटीमा के बाहर उपलब्ध चौड़ी जगह पर पार्क कराया जाएगा। टनकपुर से खटीमा आने वाले भारी वाहनों को नायरा पेट्रोल पंप, अमाऊ के पास तथा मेलाघाट से आने वाले बड़े वाहनों को थाना झनकईया क्षेत्र में उपलब्ध उचित स्थान पर रोका जाएगा।

इन वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध

कार्यक्रम अवधि के दौरान ई-रिक्शा, टुक-टुक, मैजिक, ऑटो एवं टेम्पो के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा।

पुलिस ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि आज खटीमा क्षेत्र में यात्रा करने से पहले निर्धारित डायवर्जन एवं रूट प्लान का ध्यान रखें। अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।।

error: Content is protected !!
Call Now Button