ऊधम सिंह नगर

सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सख्त, तीन दिवसीय चेकिंग अभियान में 52 वाहनों के चालान, 15 सीज

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) हल्द्वानी के निर्देशन में तीन दिवसीय सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। रुद्रपुर क्षेत्र में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) नवीन सिंह के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

अभियान के दौरान कुल 52 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 15 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले 6 वाहन चालकों, क्षमता से अधिक भार ले जाने वाले 8 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

इसके अलावा फिटनेस, परमिट और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई। कृषि वाहनों/दो पहिया वाहनों से संबंधित 2 मामलों में भी कार्रवाई दर्ज की गई।

एआरटीओ रुद्रपुर नवीन सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वैध दस्तावेजों के साथ ही वाहन चलाएं।।

error: Content is protected !!
Call Now Button