ऊधम सिंह नगर

फर्जी दस्तावेज तैयार कर MBBS में दाखिला दिलाने का प्रयास, दो गिरफ्तार

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

गदरपुर। फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर छात्रों को MBBS में दाखिला दिलाने का प्रयास करने के मामले में कोतवाली गदरपुर पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से दो मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और SSD बरामद किए हैं। यह कार्रवाई एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को राजस्व निरीक्षक गदरपुर विनोद कुमार की तहरीर के आधार पर कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से फर्जी स्थायी निवास, जाति एवं अनाथ प्रमाण-पत्र तैयार कर उनका लाभ लेने के संबंध में कोतवाली गदरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 283/2026 दर्ज किया गया। मामले में धारा 318(4), 336(3), 338, 339, 340(2) एवं 61(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

विवेचना के दौरान पांच छात्रों से संबंधित प्रमाण-पत्रों में फर्जी एवं कूटरचित आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर और विद्युत बिल सहित अन्य दस्तावेजों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया कि शुभम हुड़िया और निखिल वर्मा पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उनके आधार पर MBBS में दाखिला दिलाने के लिए आपराधिक षड्यंत्र रचने का आरोप है।
दोनों अभियुक्तों को पूछताछ के बाद 25 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के मोबाइल फोन से प्राप्त रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजों को विवेचना में शामिल किया जा रहा है। मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार अभियुक्त
शुभम हुड़िया पुत्र राजकुमार हुड़िया, निवासी पुरानी मंडी, वार्ड नंबर-10, गदरपुर, जिला ऊधमसिंहनगर।
निखिल वर्मा पुत्र मोती राम, निवासी वार्ड नंबर-11, पशु चिकित्सालय, गदरपुर, जिला ऊधमसिंहनगर।

बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे/निशानदेही से दो मोबाइल फोन, एक HP EliteBook x360 1030 G4 लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क और एक SSD बरामद किया है।

पुलिस टीम में उ0नि0 मदन सिंह बिष्ट, उ0नि0 सुरेन्द्र सिंह रिंगवाल, उ0नि0 प्रदीप शर्मा तथा कानि0 1319 मोहन सिंह बोरा शामिल रहे।

error: Content is protected !!
Call Now Button