सीएम धामी के विजन से चंपावत में कौशल विकास और रोजगार को मिली गति
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा चंपावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के लिए तय की गई प्राथमिकताओं में युवाओं का कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार प्रमुख क्षेत्र हैं। मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप जिले में कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं के विस्तार और युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों और राज्य सरकार की युवा-केंद्रित नीतियों के तहत उत्तराखंड कौशल विकास मिशन तथा केंद्र सरकार के ‘स्किल इंडिया’ अभियान के माध्यम से चंपावत के युवाओं को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार योग्य कौशल प्रदान करने के साथ उन्हें स्वरोजगार के लिए भी तैयार करना है।
मुख्यमंत्री धामी ने चंपावत को अपनी विधानसभा सीट के रूप में विकसित करने के साथ ही इसे विकास के विभिन्न क्षेत्रों में मॉडल जनपद के रूप में आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है। इसी क्रम में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण, कैरियर मार्गदर्शन और रोजगार से जोड़ने की व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।
जिले में भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) एवं अन्य शिक्षण और मार्गदर्शन केंद्रों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़े वर्गों के अभ्यर्थियों को निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर भी विभागीय स्तर पर जोर दिया जा रहा है।
युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार की जानकारी और अवसर उपलब्ध कराने के लिए ‘रोजगार प्रयाग पोर्टल’ का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसके माध्यम से शासकीय एवं आउटसोर्सिंग पदों की जानकारी युवाओं तक पहुंचाई जा रही है। वहीं, ‘अपुणी सरकार पोर्टल’ के माध्यम से विभिन्न विभागीय सेवाएं डिजिटल रूप में घर बैठे उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिला सेवायोजन कार्यालय को युवाओं के कैरियर मार्गदर्शन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ‘स्वरोजगार केंद्र’ एवं ‘स्टडी सर्किल’ के रूप में विकसित किया गया है। यहां युवाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कैरियर काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिले में समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन मेलों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को विभिन्न नियोजकों के साथ सीधे संवाद और रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चंपावत में कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उद्देश्य युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इन पहलों के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और पलायन की चुनौती को कम करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।।

