Friday, September 25, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

चम्पावत में भारी से अत्यंत भारी वर्षा का रेड अलर्ट, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को किया हाई अलर्ट

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

चम्पावत। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद चम्पावत में 25 से 26 सितम्बर तक कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण श्री मनीष कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आईआरएस में नामित अधिकारियों, जिला स्तरीय अधिकारियों एवं विभागीय नोडल अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा है। सभी तहसीलदारों, राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में बने रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने एनएच, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, एनपीसीसी सहित सभी संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि वर्षा के कारण किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने पर सुरक्षा एवं सावधानी के साथ उसे यथाशीघ्र यातायात के लिए खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी पुलिस थानों एवं चौकियों को आपदा संबंधी उपकरणों और वायरलेस व्यवस्था के साथ अलर्ट रहने को कहा गया है।

उन्होंने निर्देश दिए कि भारी वर्षा के दौरान कहीं लोगों के फंसने की स्थिति उत्पन्न होने पर उनके लिए खाद्य सामग्री एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा की तत्काल व्यवस्था की जाए। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालयों में भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मोबाइल फोन चालू रखने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि रेड अलर्ट को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी-नालों, गधेरों, जलभराव वाले क्षेत्रों, भूस्खलन संभावित स्थानों एवं संवेदनशील सड़क मार्गों के आसपास न जाएं। मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें।

आपदा की सूचना यहां दें: जनपद आपातकालीन परिचालन केन्द्र चम्पावत के दूरभाष नंबर 05965-230819, 05965-230703 (1077) तथा मोबाइल नंबर 7579060090 एवं 7895318895 पर तत्काल सूचना दी जा सकती है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button