67 सिंचाई टैंकों से मजबूत होगी चम्पावत में किसानों की सिंचाई व्यवस्था फल-सब्जी उत्पादक किसानों को मिलेगा लाभ, एक टैंक में 9 हजार लीटर पानी के भंडारण की सुविधा
67 सिंचाई टैंकों से मजबूत होगी चम्पावत में किसानों की सिंचाई व्यवस्था
फल-सब्जी उत्पादक किसानों को मिलेगा लाभ, एक टैंक में 9 हजार लीटर पानी के भंडारण की सुविधा
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कृषक कल्याण एवं खेती-बागवानी को बढ़ावा देने के विजन के अनुरूप जनपद चम्पावत में किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जिला योजना के तहत उद्यान विभाग द्वारा सिंचाई जल के भंडारण के लिए टैंकों का निर्माण कराया जा रहा है।
जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया कि वर्तमान में देवीधुरा क्षेत्र में 7 सिंचाई टैंकों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इनका निर्माण आगामी 15 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक टैंक का आकार 3 मीटर × 2 मीटर × 1.5 मीटर है, जिसमें एक बार में लगभग 9,000 लीटर पानी का भंडारण किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि एक सिंचाई टैंक के निर्माण की कुल लागत लगभग 55 हजार रुपये है, जिसमें किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। इससे किसानों को कम लागत में खेतों और बागानों के लिए जल भंडारण की सुविधा उपलब्ध होगी।
जिला उद्यान अधिकारी के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष में जिला योजना के अंतर्गत पूरे जनपद में कुल 67 सिंचाई टैंकों का निर्माण प्रस्तावित है। इनसे विशेष रूप से फल एवं सब्जी उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। सिंचाई के लिए पानी का भंडारण उपलब्ध होने से किसान आवश्यकता के अनुसार समय पर फसलों की सिंचाई कर सकेंगे, जिससे खेती एवं बागवानी उत्पादन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिला योजना का लाभ किसानों तक शीघ्र पहुंच सके और जनपद में खेती-बागवानी के लिए सिंचाई सुविधाएं और अधिक मजबूत हो सकें।।

