Thursday, September 24, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

तकनीक से बदलेगी पढ़ाई की तस्वीर, चम्पावत के छह विद्यालयों में डिजिटल लर्निंग शुरू मुख्यमंत्री धामी ने डिजिटल लर्निंग सुविधा का किया शुभारंभ, रेकिट समूह की सीएसआर पहल से मिले आधुनिक उपकरण

तकनीक से बदलेगी पढ़ाई की तस्वीर, चम्पावत के छह विद्यालयों में डिजिटल लर्निंग शुरू

मुख्यमंत्री धामी ने डिजिटल लर्निंग सुविधा का किया शुभारंभ, रेकिट समूह की सीएसआर पहल से मिले आधुनिक उपकरणसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

चम्पावत। प्रदेश में शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने की दिशा में चम्पावत के छह सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर विद्यालयों में डिजिटल लर्निंग सुविधा शुरू की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फीता काटकर डिजिटल लर्निंग सुविधा का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम का संचालन मुख्यमंत्री के सीएसआर सेल के सदस्य सचिव एवं अपर सचिव मनमोहन मैनाली ने किया। इस अवसर पर रेकिट समूह के अमित शुक्ल एवं उनके प्रतिनिधिगण, विद्या भारती उत्तराखंड के सह प्रदेश निरीक्षक ईश्वरे, संभाग निरीक्षक ऊधमसिंह नगर-नैनीताल मंगत लोस्ता, सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिरों के प्रधानाचार्य, जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, तकनीक आधारित और रोजगारपरक बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक डिजिटल संसाधनों की पहुंच बढ़ने से उन्हें आधुनिक शिक्षण सामग्री के साथ नई तकनीक को समझने और सीखने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में कहा गया कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें सही अवसर, उचित मार्गदर्शन और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने डिजिटल शिक्षा की इस पहल को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक तक पहुंच से बच्चों के सीखने का दायरा बढ़ेगा। डिजिटल संसाधन विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को नई जानकारी, नवीन शिक्षण पद्धतियों और तकनीकी ज्ञान से जोड़ने में सहायक होंगे। उन्होंने शिक्षकों से इन संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए बच्चों की जिज्ञासा, रचनात्मकता और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की अपेक्षा की।

रेकिट समूह की सीएसआर पहल के अंतर्गत विद्यालयों को डेस्कटॉप कंप्यूटर सेट, 19.5 इंच एलईडी मॉनिटर, प्रिंटर, यूपीएस, ब्लूटूथ स्पीकर, वेबकैम तथा 65 इंच इंटरैक्टिव पैनल सहित आधुनिक डिजिटल शिक्षण उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इन उपकरणों से कक्षा शिक्षण को अधिक रोचक, संवादात्मक और तकनीक आधारित बनाने में सहायता मिलेगी।

जनपद में यह डिजिटल सुविधा सरस्वती शिशु मंदिर पुलहिंडोला, विकासखंड लोहाघाट; सरस्वती शिशु मंदिर मादली, विकासखंड चम्पावत; पाटी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज/डॉ. लीलाधर भट्ट विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज; शहीद उत्तम चंद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चंदनी; सरस्वती शिशु मंदिर खेतीखान, विकासखंड पाटी तथा विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्या मंदिर बाराकोट में उपलब्ध कराई गई है।

कार्यक्रम में रेकिट समूह, विद्या भारती, सीएसआर सेल, जिला प्रशासन, विद्यालय परिवार एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना की गई। कहा गया कि डिजिटल सिस्टम केवल उपकरणों का समूह नहीं, बल्कि शिक्षक के हाथ में आधुनिक शैक्षिक माध्यम और विद्यार्थी के लिए सीखने का नया अवसर है।

डिजिटल शिक्षा की यह पहल पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को तकनीक, ज्ञान और आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे विद्यार्थियों में तकनीकी समझ विकसित करने के साथ उनकी रचनात्मकता और सीखने की क्षमता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

error: Content is protected !!
Call Now Button